डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना): उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में आगामी 07 सितंबर को देहरादून के परेड ग्राउंड से मुख्यमंत्री आवास की ओर प्रस्तावित विशाल रैली को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परवादून कांग्रेस जिला कार्यालय, डोईवाला में प्रदेश सहप्रभारी सुरेंद्र शर्मा की उपस्थिति में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री आवास कूच कार्यक्रम की तैयारियों और रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई तथा कार्यकर्ताओं से प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया गया। प्रदेश सहप्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर मजबूती से संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आवास कूच कार्यक्रम कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनता के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करेगा। प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता देहरादून पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होंगे और जनता की आवाज सरकार तक पहुंचाने का काम करेंगे। परवादून जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि प्रदेश की जनता विभिन्न जनसमस्याओं से जूझ रही है। कांग्रेस इन समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है और आवास कूच जनता की आवाज को मजबूती से उठाने वाला महत्वपूर्ण आंदोलन होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत और एकजुटता के साथ जुटने का आह्वान किया। बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास कूच कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष विजय सारस्वत, महासचिव गौरव सिंह, जयेंद्र रमोला, अश्विनी बहुगुणा, नगर अध्यक्ष करतार नेगी, महेंद्र भट्ट, गोकुल रमोला, सागर मनवाल, प्रमोद कार्पवान शास्त्री, अंशुल त्यागी, सुनील बर्मन, मुकेश प्रसाद, तेजपाल सिंह मोंटी, शार्दूल नेगी, राहुल सैनी, स्वतंत्र बिष्ट, आरिफ अली, अफसाना अंसारी, रश्मि देवराड़ी आदि मौजूद रहे।











