डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर के पब्लिक इंटर कॉलेज में स्वच्छता पखवाड़े के शुभारंभ अवसर पर छात्र-छात्राओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इस दौरान शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थियों ने कूड़े के उचित निस्तारण, सूखे एवं गीले कूड़े को अलग-अलग रखने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने का संकल्प लिया। बृहस्पतिवार को शिक्षा विभाग की ओर से 1 से 15 सितंबर तक आयोजित किए जा रहे स्वच्छता पखवाड़े के तहत विद्यार्थियों को पर्यावरण स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें सूखा एवं गीला कूड़ा अलग-अलग डस्टबिन में डालने, कूड़े का उचित निस्तारण करने और प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की जानकारी दी गई। प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल ने कहा कि स्वच्छता पखवाड़े के तहत विद्यार्थियों को विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर उन्हें पर्यावरण प्रहरी बनाने का प्रयास किया जाएगा। शिक्षक अश्वनी गुप्ता ने विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक आलोक जोशी, भुवनेश वर्मा, ओमप्रकाश काला, विवेक बधानी, तेजवीर सिंह, अवधेश सेमवाल, राधा गुप्ता, श्यामानंद, गौरव रावत, नीलम बिष्ट, मयंक शर्मा आदि मौजूद रहे।











