
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच और एसआईआर प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग को लेकर कांग्रेस सेवादल ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए डोईवाला उपजिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रेषित किया।
बृहस्पतिवार को कांग्रेस सेवादल प्रदेश अध्यक्ष हेमा पुरोहित के नेतृत्व में कार्यकर्ता मिल रोड से नगर चौक होते हुए तहसील मुख्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने हाथों में काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। हेमा पुरोहित ने कहा कि लोकतंत्र और मतदाता के अधिकारों की रक्षा के लिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त को नैतिक आधार पर इस्तीफा देना चाहिए। साथ ही मतदाता सूची, निर्वाचन प्रक्रिया और एसआईआर से जुड़े मामलों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
जिलाध्यक्ष सुनील बर्मन ने कहा कि जांच पूरी होने तक एसआईआर प्रक्रिया स्थगित की जाए, ताकि किसी पात्र मतदाता के मताधिकार पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन से संबंधित सभी आंकड़े, मानदंड़ और प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं सार्वजनिक की जाए।
कांग्रेस महासचिव अश्विनी बहुगुणा ने कहा कि किसी भी पात्र नागरिक को उचित प्रक्रिया और सुनवाई का अवसर दिए बिना मताधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित उनियाल ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष निर्वाचन व्यवस्था लोकतंत्र की बुनियाद है।
इस दौरान प्रवीण पुरोहित, मनोज नौटियाल, करतार नेगी, महेंद्र भट्ट, बालू सजवान, आदि थे।














