डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर के पब्लिक इंटर कॉलेज में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। गुरुवार को विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली, नेपाली और पंजाबी गीतों पर सुंदर नृत्य प्रस्तुतियां दीं। छात्रा आरूशा और छात्र आयुष ने अपने भाषण के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान के कार्यों पर प्रकाश डाला। प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल ने छात्र-छात्राओं की ओर से लगाई गई आर्ट गैलरी का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि छात्रों में सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की भावना विकसित होनी चाहिए। कार्यक्रम समन्वयक अश्वनी गुप्ता ने बताया कि 17 सितंबर से एक माह तक चलने वाले इस अभियान के तहत छात्र-छात्राओं को विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर उनकी नैसर्गिक प्रतिभा को अवसर प्रदान किया गया। वही, निबंध प्रतियोगिता में ईशिका चौधरी ने प्रथम, शिवानी गुप्ता ने द्वितीय और सिदरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जबकि चित्रकला प्रतियोगिता में शिवानी, सुशांत और दीपांजली भारती ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता छात्र-छात्राओं को प्रधानाचार्य ने प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक भुवनेश वर्मा, रत्नेश द्विवेदी, ओमप्रकाश काला, पूजा जोशी, चेतन प्रसाद कोठारी, राधा गुप्ता, अवधेश सेमवाल, सुदेश सहगल, तेजवीर सिंह, गौरव रावत, मनोज कुमार, मयंक शर्मा, श्रीपाल आदि मौजूद रहे।














