डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। डोईवाला पुलिस और एसओजी ग्रामीण की संयुक्त टीम ने चोरी के एक मामले में चार साल से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रवि ग्वाला (46) निवासी फाटापुकर, थाना रासगंज, जिला जलपाईगुड़ी, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी वर्ष 2022 में हुई पांच लाख रुपये की चोरी के मामले में वांछित था। सीओ डोईवाला वंदना वर्मा ने बताया कि 12 सितंबर 2022 को नव ज्योति विहार निवासी लाखन सिंह ने कोतवाली डोईवाला में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि बैंक से पांच लाख रुपये निकालकर घर लौटते समय वह बाजार में सब्जी खरीदने के लिए एक ठेली पर रुके थे। इसी दौरान अज्ञात चोर ठेली पर रखा रुपयों से भरा बैग चोरी कर ले गए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए चोरी की रकम बरामद होने पर आरोपी मंजीत ग्वाला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की जांच में उसके साथी रवि ग्वाला की संलिप्तता सामने आई थी। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पहले वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। बाद में गढ़वाल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक ने इनाम की राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली डोईवाला और एसओजी ग्रामीण की संयुक्त टीम ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश तेज की। पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को आरोपी को पश्चिम बंगाल स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे जलपाईगुड़ी के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड लिया गया। पुलिस आरोपी को डोईवाला लेकर आई है और उसे संबंधित न्यायालय में पेश किया जा रहा है।














