डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। बहुजन समाज पार्टी डोईवाला की ओर से धरमुचक गांव में कार्यकर्ता सम्मेलन एवं सदस्यता समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दर्जनों महिलाओं ने बसपा की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। मुख्य अतिथि बसपा जिलाध्यक्ष केपी सिंह ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी सर्वसमाज की पार्टी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में चुनावी बिगुल बज चुका है और डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। डोईवाला विधानसभा अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने भाजपा और कांग्रेस पर क्षेत्र के विकास की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी की समस्या गंभीर है और युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र में नशे के बढ़ते कारोबार पर चिंता जताते हुए कहा कि नशे की गिरफ्त में आने से युवा अपना भविष्य खराब कर रहे हैं। विधानसभा प्रभारी सोनी कुरैशी ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराधों के मामले बढ़ रहे हैं। उन्होंने महिलाओं से संगठन से जुड़कर अपनी आवाज मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान दर्जनों महिलाओं को बसपा की सदस्यता दिलाई गई और उन्हें सम्मानित किया गया। इस अवसर पर देहरादून महानगर अध्यक्ष एसपी गौतम, राजेश कुमार, सुनील गौतम, स्वरूप सिंह, विजेंद्र कुमार, इतवार सिंह, सुरेंद्र कुमार, इम्तियाज अली, रोशन लाल, फूलमती, लता देवी, मीना देवी, प्रेम देवी और सरोज बाला आदि थी।











