डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। भाजपा माजरी मंडल की ओर से रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 138वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सर्जिकल स्ट्राइक के 10 वर्ष, बालाकोट एयरस्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ नीति का जिक्र किया। उन्होंने जनगणना में जनभागीदारी की अपील करते हुए उत्तराखंड के चमोली जिले के माणा गांव से जनगणना की शुरुआत और 83 वर्षीय पूर्णिमा रावत का भी उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने अशोक सिंघल की जन्म शताब्दी, सोमनाथ मंदिर, सोमनाथ स्वाभिमान पर्व और मोढेरा सूर्य मंदिर का जिक्र किया। उन्होंने मोढेरा को देश के पहले सूर्य ग्राम के रूप में विकसित किए जाने तथा सौर ऊर्जा के क्षेत्र में हुई प्रगति की जानकारी दी। साथ ही युवा शक्ति, नशामुक्त युवा अभियान और भगवान गणेश की अष्टविनायक परंपरा का उल्लेख करते हुए थाईलैंड में गणेशजी के प्रति लोगों की आस्था की बात कही। मुख्य अतिथि महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘मन की बात’ के माध्यम से देशवासियों से सीधा संवाद करते हैं। उनके विचार समाज को सकारात्मक दिशा देने के साथ ही लोगों को राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं। ऋषिकेश प्रभारी स्वराज विद्वान ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से देश के विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे सकारात्मक कार्यों और लोगों की उपलब्धियों को सामने लाया जाता है। इससे जनभागीदारी को भी बढ़ावा मिलता है। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री का संबोधन कार्यकर्ताओं को जनसेवा और राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है। इस दौरान जिला महामंत्री दीवान सिंह रावत, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष चंद्रभान पाल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ममता नयाल, पुष्पा ध्यानी, संपूर्ण रावत, विनोद शास्त्री, मनीष छेत्री, मनोज पाल, वंदना स्वामी, पंकज शर्मा समेत भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।











