डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। परवादून जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शुक्रवार को डोईवाला के धर्मुचक स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क से सत्याग्रह के रूप में पैदल मार्च निकाला गया। यह कार्यक्रम कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी में हुई जनसभा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कथित रूप से गंगाजल से शुद्धिकरण किए जाने के विरोध में आयोजित किया गया।
सत्याग्रह मार्च बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क से शुरू होकर क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होते हुए निकाला गया। जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे देश के वरिष्ठ दलित नेता और संवैधानिक मूल्यों के प्रबल समर्थक हैं। उनके कार्यक्रम के बाद गंगाजल से शुद्धिकरण जैसी कथित कार्रवाई सामाजिक समरसता, समानता और लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह सत्याग्रह कथित भेदभावपूर्ण और दलित विरोधी मानसिकता के खिलाफ है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने देश को समानता, न्याय और सम्मान का संविधान दिया। उन्होंने मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने कहा कि दलित समाज का अपमान किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। किसी व्यक्ति या नेता के कार्यक्रम के बाद शुद्धिकरण जैसी सोच सामने आना सामाजिक भेदभाव की मानसिकता को दर्शाता है। इस दौरान प्रदेश सचिव सागर मनवाल, मनोज नौटियाल, नगर अध्यक्ष करतार नेगी, ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सेवादल जिलाध्यक्ष सुनील बर्मन, उमेद बोरा, जितेंद्र कुमार, राहुल सैनी, मनीष उपाध्याय, शार्दूल नेगी, तेजपाल सिंह मोंटी, शुभम काम्बोज आदि मौजूद रहे।









