डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज, डोईवाला के वाणिज्य एवं अर्थशास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जीएसटी एड-ऑन कोर्स का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. डीपी भट्ट की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम संयोजक डॉ. अनुराग भंडारी ने जीएसटी पोर्टल पर लाइव डेमो के माध्यम से छात्र-छात्राओं को रिटर्न फाइल करने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने कहा कि जीएसटी ‘एक राष्ट्र, एक कर, एक बाजार’ की अवधारणा को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. शिव कुमार लाल ने कहा कि जीएसटी एक पारदर्शी कर व्यवस्था है, जिससे कर चोरी पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी तथा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष करों के बीच अंतर को कम किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों द्वारा ईमानदारी से कर का भुगतान करने से ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद मिलेगी। प्राचार्य प्रो. डीपी भट्ट ने कहा कि इस कोर्स के माध्यम से छात्र-छात्राओं को स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी मिलने के साथ ही सीए और टैक्स कंसल्टेंट के रूप में करियर बनाने तथा अन्य लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में भी मार्गदर्शन मिलेगा। आईक्यूएसी अध्यक्ष डॉ. कंचन सिंह ने जीएसटी कोर्स के आयोजन को महाविद्यालय की उपलब्धि बताया। एक माह तक चलने वाले इस कोर्स में करीब 100 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं। कोर्स के समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। इस मौके पर डॉ. वीएस पंवार, डॉ. अर्जुन रवि, डॉ. पूनम भूषण, डॉ. गुलनाज फातिमा आदि मौजूद रहे।











