डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज, डोईवाला में महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डीपी भट्ट ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई। गांधी जी के प्रिय भजन ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ के गायन से सभागार गूंज उठा। छात्र अमित कुमार एवं छात्रा महक ने कविता और गीत प्रस्तुत किए। प्राध्यापक डॉ. पूरन सिंह खाती ने दोनों महापुरुषों के जीवन एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए छात्र-छात्राओं से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। प्रो. नवीन कुमार नैथानी ने कहा कि गांधी जी के विचार सत्य, अहिंसा और नैतिकता पर आधारित थे। प्राचार्य प्रो. डीपी भट्ट ने कहा कि दुनिया में जो बदलाव हम देखना चाहते हैं, उसकी शुरुआत स्वयं से करनी चाहिए। इस दौरान डॉ. शिवकुमार लाल, डॉ. विजय प्रकाश सेमवाल, डॉ. अखिलेश कुकरेती, छात्रसंघ अध्यक्ष मोहित ममगाई, उपाध्यक्ष रोहन पाल एवं सचिव प्रिंस शर्मा आदि ने भी अपने विचार रखे।











