डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती के अवसर पर देहरादून में आयोजित समारोह में पर्यावरण प्रेमी दर्पण सिंह बोरा को पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया। आरडीटी सभागार, सर्वे चौक में आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण और महापौर सौरभ थपलियाल ने उन्हें स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। बताया गया कि दर्पण सिंह बोरा ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अब तक क्षेत्र में करीब 21 हजार पौधे लगाए हैं। इसी क्रम में पंडित गोविंद बल्लभ पंत जयंती समारोह समिति एवं हिमालय हब सामाजिक संस्थान की ओर से उन्हें ‘उत्तराखंड के स्तंभ’ सम्मान से भी नवाजा गया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में आगे भी निरंतर कार्य करते हुए लोगों को पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया जाएगा।











