डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। विकासखंड डोईवाला की मारखम ग्रांट ग्राम पंचायत के बुल्लावाला गांव में किसानों के लिए फार्मर रजिस्ट्री शिविर आयोजित किया गया। शिविर में किसानों की फार्मर आईडी बनाई गई तथा उनसे जुड़े प्रश्नों का समाधान किया गया। ग्राम प्रधान परमिंदर सिंह ने कहा कि ऐसे शिविरों से किसानों को एक ही स्थान पर सुविधा मिल जाती है और उन्हें इधर-उधर नहीं भटकना पड़ता। उन्होंने सभी किसानों से फार्मर आईडी बनवाने की अपील की। सहायक कृषि अधिकारी प्रियंका थपलियाल ने बताया कि शिविर में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। उन्होंने बताया कि अब फसल बीमा, बीज, खाद, दवा, कृषि ऋण सहित कई सेवाएं फार्मर आईडी से जुड़ रही हैं। यह प्रत्येक किसान की एक यूनिक डिजिटल आईडी है। इसके लिए आधार कार्ड और आधार से लिंक मोबाइल नंबर आवश्यक है। कृषि विभाग ने सभी काश्तकारों से जल्द से जल्द अपनी फार्मर आईडी बनवाने की अपील की। इस मौके पर वार्ड सदस्य कुसुम सिद्धू, विनोद रौथान आदि थे।











