पिथौरागढ़, दिनांक 05/07/2026
उच्च शिक्षा विभाग, उत्तराखंड सरकार की देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत ईडीआई इंडिया (भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान) अहमदाबाद, द्वारा ईटीसी थरकोट, पिथौरागढ़ में तीन दिवसीय आवासीय उद्यमिता बूट कैंप का शुभारंभ आज उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड शासन के राजकीय महाविद्यालय, गंगोलीहाट, बलुआकोट, मुवानी, एस एन एस राजकीय परास्नातक महाविद्यालय, एल एस एम कैंपस पिथौरागढ़, के 50 चयनित छात्र छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
तीन दिवसीय आवासीय बूट कैंप का मुख्य उद्देश्य राज्य के युवा विद्यार्थियों में उद्यमशीलता कौशल का विकास करना, उन्हें व्यवसायिक अवसरों की पहचान, स्टार्टअप स्थापना, वित्तीय प्रबंधन, विपणन रणनीति तथा व्यवसाय विस्तार की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को विशेषज्ञों द्वारा उद्यमिता की बुद्धिमत्ता, डिजाइन थिंकिंग, बिजनेस आइडिया विकास, मार्केट एनालिसिस, फाइनेंस एंड फंड्स, विभिन्न शासकीय स्कीम, पिचिंग स्किल्स एवं गो-टू-मार्केट रणनीतियों पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित ई डी आई आई के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को स्थानीय संसाधनों एवं पारंपरिक ज्ञान पर आधारित उद्यम स्थापित करने हेतु प्रोत्साहित किया। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रति उत्साह व्यक्त करते हुए इसे अपने व्यावसायिक एवं व्यक्तिगत विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
कार्यक्रम का संचालन ई डी आई आई के उद्यमिता विशेषज्ञ डॉ रजत शर्मा के नेतृत्व में देवभूमि उद्यमिता योजना के टिहरी गढ़वाल के प्रोजेक्ट अधिकारी दिग्विजय सिंह एवं चमोली के प्रोजेक्ट अधिकारी विनोद नेगी द्वारा किया गया। ई डी आई आई से उद्यमिता विशेषज्ञ अश्विनी तिवारी द्वारा सभी छात्र छात्राओं को उद्यमिता से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। ई टी सी थरकोट, पिथौरागढ़ के ईटीओ पंकज पंत द्वारा केंद्र में सभी प्रकार का सहयोग एवं सुविधाएं प्रदान की गई।
कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को रोजगार खोजने के बजाय रोजगार सृजनकर्ता बनने के लिए प्रेरित करते हैं, जिससे राज्य में उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा।











