डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। वरिष्ठ भाजपा नेत्री एवं राज्य आंदोलनकारी आशा कोठारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास, सुशासन और जनकल्याण की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। सरकार की प्राथमिकताओं में मातृशक्ति, युवा और आमजन के हितों को विशेष स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास और आर्थिक सशक्तिकरण के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त होने का सकारात्मक प्रभाव परिवार और समाज पर भी पड़ता है। आशा कोठारी ने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ पर्यटन, तीर्थाटन, उद्योग, निवेश और शिक्षा के क्षेत्र में भी काम किया जा रहा है। चारधाम यात्रा, सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी तथा पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में विकास और रोजगार की संभावनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान, पारदर्शी प्रशासन और प्रदेश के समग्र विकास की दिशा में सरकार काम कर रही है। मातृशक्ति, युवा और आमजन की सहभागिता से उत्तराखंड को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में आगे बढ़ा जा रहा है।











