डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना): श्री गुरु नानक देव वेलफेयर सोसाइटी चांदमारी के आह्वान पर रविवार को शहीद भगत सिंह चौक, चांदमारी में शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सोसाइटी और विभिन्न जन संगठनों से जुड़े लोगों ने भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। सोसाइटी के अध्यक्ष बलवीर सिंह ने कहा कि 27 सितंबर 1907 को पंजाब के लायलपुर में जन्मे भगत सिंह ने देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि भगत सिंह का संघर्ष और बलिदान देशवासियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा। अखिल भारतीय किसान सभा के मंडल उपाध्यक्ष जाहिद अंजुम ने कहा कि भगत सिंह और उनके क्रांतिकारी साथियों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि भगत सिंह के विचारों और आदर्शों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर कृषक फेडरेशन के अध्यक्ष उमेद बोरा, किसान सभा के मंडल सचिव याकूब अली, सभासद प्रतिनिधि अवतार सिंह, अरविंदर सिंह, जसवीर सिंह, मलकीत सिंह, जरनैल सिंह, परमजीत सिंह, जितेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।











