डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। कांवड़ मेला 2026 के सफल एवं सुरक्षित आयोजन में एसडीआरएफ उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सहायता के लिए तत्परता से कार्य किया गया। इस दौरान एसडीआरएफ अधिकारियों एवं कार्मिकों द्वारा उत्कृष्ट कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण का परिचय दिया गया। शुक्रवार को एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय में कांवड़ मेला 2026 के दौरान उत्कृष्ट एवं सराहनीय ड्यूटी करने वाले एसडीआरएफ अधिकारियों एवं कार्मिकों को सेनानायक अर्पण यदुवंशी द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले कार्मिकों में इंस्पेक्टर कवींद्र सजवाण, सब इंस्पेक्टर आशीष त्यागी, एडिशनल सब इंस्पेक्टर आशिक अली, कॉन्स्टेबल नितेश खेतवाल सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक शामिल रहे। सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने सम्मानित कार्मिकों की कर्तव्यनिष्ठा, तत्परता एवं सराहनीय सेवाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि कांवड़ मेला जैसे बड़े आयोजन में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एसडीआरएफ कार्मिकों द्वारा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में जिस समर्पण एवं तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया गया, वह सराहनीय है। उन्होंने सभी कार्मिकों को भविष्य में भी इसी सेवा भावना, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित किया।









