डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत भानियावाला स्थित आर्यनगर निवासी एक महिला ने अपने छोटे भाई और भाभी पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में शिकायत दी है। महिला ने मारपीट में चोटें आने की बात कहते हुए दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, महिला का छोटा भाई ओंकार और उसकी पत्नी पूनम सिंह कथित तौर पर उसके कमरे में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। महिला ने आरोप लगाया कि दोनों ने उसके हाथों की अंगुलियां जोर से मोड़ीं और सिर पर लात-घूंसों व थप्पड़ों से हमला किया, जिससे उसके सिर और शरीर पर चोटें आईं। महिला ने बताया कि उसने घटना की सूचना आपातकालीन नंबर 112 पर दी थी। अगले दिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), डोईवाला में उपचार कराया। शिकायत में उसने पहले भी मारपीट होने का आरोप लगाते हुए भविष्य में किसी गंभीर घटना की आशंका जताई और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। वहीं, कोतवाली पुलिस ने महिला पूनम देवी की शिकायत पर उसके भाई ओंकार और भाभी पूनम सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।














