
कमल बिष्ट/उत्तराखंड समाचार।
कोटद्वार। झंडा चौक स्थित टूरिस्ट कॉम्पलेक्स में बुधवार सुबह करीब 6 बजे अचानक भीषण आग लगने से तीन दुकानों में रखा सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटों से पहली मंजिल और दूसरी मंजिल स्थित दुकानों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा। हालांकि राहत की बात रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी मौके पर पहुंचे और प्रभावित दुकानदारों एवं परिसर में मौजूद लोगों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने आग से हुए नुकसान का जायजा लेते हुए पीड़ित व्यापारियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
हादसे के दौरान स्वीट शॉप में कार्यरत गौरव शर्मा जी। का परिवार, जो वर्षों से परिसर की तीसरी मंजिल पर रह रहा था, धुएं के कारण अंदर फंस गया था। गौरव शर्मा की पत्नी नव्या, बेटी कीर्ति तथा बेटे वासु को जूस कॉर्नर संचालक कुलदीप सिंह ने अपनी जान की परवाह किए बिना सीढ़ी और रस्सी की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला। पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कुलदीप सिंह के साहस और तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयास से बड़ा हादसा टल गया।
पूर्व मंत्री सुरेन्द्र नेगी ने कहा कि टूरिस्ट कॉम्पलेक्स में कई व्यापारियों के गोदाम व दुकानें हैं, जहां लाखों रुपये का सामान रखा हुआ था। आग से व्यापारियों को भारी आर्थिक क्षति हुई है। उन्होंने शासन से पीड़ित व्यापारियों को उचित मुआवजा दिलाने तथा आग में जले और क्षतिग्रस्त सामान की भरपाई के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग रखी। उन्होंने प्रशासन से आग लगने के कारणों की जांच तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं को भी सुनिश्चित करने की बात कही।
इस दौरान संजय मित्तल, चंद्रमोहन खर्कवाल, जितेंद्र भाटिया आदि मौजूद रहे।











