डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग और दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने के विरोध में शनिवार को उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यकर्ताओं ने भानियावाला तिराहे पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने दुष्यंत गौतम को राज्यपाल पद से बर्खास्त करने और अंकिता भंडारी हत्याकांड के दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग उठाई। यूकेडी नेता संजय चौधरी और छात्रसंघ अध्यक्ष मोहित ममगाईं ने कहा कि अंकिता को न्याय मिलना चाहिए और मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने हत्याकांड के दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग भी की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर प्रदेशभर में आवाज उठाई जा रही है। उन्होंने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग करते हुए भाजपा सरकार के प्रति विरोध जताया। इस दौरान केंद्रपाल तोपवाल, धर्मवीर सिंह गुसाईं, पवन बिजल्वाण, शैलेंद्र गुसाईं, जतिन चौहान, प्रताप बिष्ट, भानु प्रताप, दीवान सिंह, रमेश तोपवाल, आयुष कृशाली, रमेश गैरोला, धर्मपाल राणा, अजय राणा और कमलेश जखमोला सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।














