डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों की घोषणा कर दी है। संगठन के महासचिव राजेंद्र सिंह भंडारी की ओर से जारी सूची में डोईवाला नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद पर करतार नेगी (सुरेंद्र सिंह नेगी) को पुनः नियुक्त किया गया है। पुनर्नियुक्ति पर करतार नेगी ने कहा कि वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का कार्य करेंगे। साथ ही पार्टी की रीति-नीतियों एवं जनहित के मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेंगे। उन्हें दोबारा डोईवाला नगर कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष अश्वनी बहुगुणा, आशीष बिजलवान, संजीव भट्ट, सुनील सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।











