डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। अयोध्या राम मंदिर तथा बदरीनाथ–केदारनाथ धाम में कथित चढ़ावा चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बुधवार को नगर कांग्रेस अध्यक्ष करतार सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोगियाणा भैरव मंदिर, जौलीग्रांट के प्रांगण में मौन व्रत रखकर सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में विशेष जांच दल (एसआईटी) अथवा न्यायिक जांच कराने की मांग की। नगर अध्यक्ष करतार सिंह नेगी ने बताया कि अयोध्या राम मंदिर में कथित चोरी तथा बद्री–केदार मंदिर में मुकुट और दान से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामलों को लेकर कांग्रेस ने उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों में सरकार के खिलाफ सद्बुद्धि यात्रा और विरोध-प्रदर्शन आयोजित किए हैं। इस दौरान कांग्रेस नेता मनोज नौटियाल, संजीव भट्ट, मनोज चमोली, आशीष बिजल्वाण, सार्दुल नेगी, चंद्र प्रकाश काला, ताजवीर सिंह नेगी, जितेंद्र बिष्ट और प्रेम सिंह आदि रहे।











