
कमल बिष्ट/उत्तराखण्ड समाचार।
देहरादून। खंडूड़ी दीवान महासभा द्वारा आज इंडियन अकैडमी स्कूल, देहरादून में स्थापना दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मेजर जनरल (से.नि.) भुवन चंद्र खंडूड़ी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर महासभा द्वारा संरक्षक मंडल के सदस्यों का सम्मान किया गया तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। साथ ही समाज की महिलाओं का सम्मान एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का भी सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज की एकता, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं विधायक कोटद्वार ऋतु खंडूड़ी भूषण तथा मनीष खंडूड़ी उपस्थित रहे। उन्होंने समाज के विकास में शिक्षा, संस्कार एवं सामाजिक सहभागिता की महत्ता पर अपने विचार व्यक्त किए तथा खंडूड़ी समाज की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
आयोजित कार्यक्रम में खण्डूडी दीवान महासभा के अध्यक्ष नरेश खंडूड़ी, उपाध्यक्ष गजेन्द्र खंडूड़ी, महासचिव गौरव खंडूड़ी, वरिष्ठ आंदोलनकारी एवं वरिष्ठ पदाधिकारी रामलाल खंडूड़ी, मुख्य प्रवक्ता सुरेश खंडूड़ी, कोषाध्यक्ष वीरेन्द्र दत्त खंडूड़ी, संगठन सचिव सचिन खंडूड़ी, विपिन खंडूड़ी, वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद खंडूड़ी सहित महासभा के समस्त पदाधिकारी, संरक्षक मंडल के सदस्य एवं बड़ी संख्या में खंडूड़ी बन्धु मौजूद रहे।
आत्मीयता सम्मेलन में गाँव जसपुर, कड़ीसौड़ (टिहरी), नाकोट, डिम्मर, खंडूड़ा (जनपद चमोली) तथा कवीरीली (जनपद पौड़ी गढ़वाल) सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए खंडूड़ी समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का समापन समाज की एकता, शिक्षा के प्रसार तथा सामाजिक उत्थान के संकल्प के साथ हुआ। आयोजकों ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।











