डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। श्री श्याम मस्त मंडल, डोईवाला के तत्वावधान में मंगलवार को ऋषिकेश रोड स्थित आशीर्वाद वाटिका में 14वां श्री खाटू श्याम मंडल वंदना महोत्सव धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। बाबा के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतार लगी रही। इस दौरान श्रद्धालुओं ने ‘खाटू नरेश की जय’, ‘श्याम बाबा की जय’ और ‘हारे के सहारे की जय’ के जयकारे लगाए। भजन गायकों ने श्याम बाबा के भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए। सामाजिक कार्यकर्ता राजवीर खत्री ने कहा कि श्री खाटू श्याम बाबा के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था निरंतर बढ़ रही है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा, सेवा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। इस अवसर पर देहरादून महापौर सौरभ थपलियाल, समाजसेवी राकेश गुप्ता, ईश्वर चंद्र अग्रवाल, प्रतीक अरोड़ा, गुड्डू गोयल, नीरज सिंघल, सभासद संदीप नेगी, हिमांशु राणा, श्रुति गुप्ता, प्रियंका वर्मा, रचित अग्रवाल, चिराग यादव आदि मौजूद रहे।











