डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से बुधवार को नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या-02 आर्यनगर में श्रमिक किट वितरण शिविर का आयोजन किया गया। बताया जा रहा है कि शिविर में करीब 500 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिवारों को विभिन्न प्रकार की कल्याणकारी और उपयोगी किटें वितरित की गईं। श्रम आयुक्त आनंद शेखर ने कहा कि कर्मकार कल्याण बोर्ड का उद्देश्य पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। बोर्ड समय-समय पर श्रमिकों के हित में विभिन्न योजनाएं संचालित कर रहा है। मुख्य अतिथि विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों से बोर्ड में पंजीकरण कर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। सभासद सुरेश सैनी ने बताया कि शिविर में वार्ड और आसपास के क्षेत्रों के पंजीकृत श्रमिकों को मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य किट, पोषण सामग्री किट, मुख्यमंत्री शिक्षण किट तथा मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री किट वितरित की गई। इस अवसर पर नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, प्रोजेक्ट हेड प्रमोद रावत, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विक्रम सिंह, मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, सभासद अमित राम किशन, प्रधान भारत सिंह नेगी, रवींद्र बेलवाल, आदेश पंवार आदि थे।











