डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। देहरादून के प्रसिद्ध लच्छीवाला नेचर पार्क ने अपने इतिहास का सर्वाधिक एक दिवसीय राजस्व अर्जित कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विभाग के अनुसार, रविवार को पार्क में 08 हजार 249 पर्यटक पहुंचे, जिससे ₹6.20 लाख रूपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
बताया जा रहा है कि यह पार्क के इतिहास में अब तक की सबसे अधिक एक दिवसीय आय है। लच्छीवाला नेचर पार्क में दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश समेत राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपने परिवारों के साथ प्रकृति की गोद में जल क्रीड़ा, बोटिंग, एडवेंचर गतिविधियों और झूलों का आनंद लिया।
इससे वन विभाग के साथ-साथ आसपास के छोटे व्यवसायियों, खान-पान की दुकानों तथा परिवहन सेवाओं को भी लाभ मिला। नेचर पार्क में बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटकों ने प्राकृतिक सौंदर्य, स्वच्छ वातावरण और परिवार के साथ मनोरंजन के लिए उपलब्ध सुविधाओं का भरपूर आनंद लिया। बढ़ती पर्यटक संख्या लच्छीवाला नेचर पार्क की लोकप्रियता को दर्शाती है।
वन क्षेत्राधिकारी मेधावी कीर्ति ने कहा कि यह उपलब्धि पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। सैलानी लच्छीवाला नेचर पार्क को पसंद कर रहे हैं और अपने परिवार के साथ यहां गुणवत्तापूर्ण समय बिता रहे हैं। पर्यटकों का यह स्नेह और विश्वास हमें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा पार्क के संरक्षण के लिए निरंतर प्रेरित करता है।
वन विभाग ने सभी पर्यटकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी बेहतर प्रबंधन, स्वच्छता और पर्यटक सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई है। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार रविवार को जौलीग्रांट केंद्र पर अधिकतम तापमान 34 डिग्री दर्ज किया गया।











