देहरादून।
उत्तराखंड के युवा समाजसेवी मोहित सिंह बिष्ट को देहरादून में आयोजित भव्य दून आइकन एवार्ड्स सीजन -1 समारोह में प्रतिष्ठित ‘राष्ट्र का युवा पथप्रदर्शक सम्मान’ से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान समाजसेवा, युवा सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
आयोजक संस्था एकसेन्युएट के मुख्य कार्यकारी अमित ठक्कर, वेस्ट वैरियर अविदेश पुंडीर, 69 माउंटेन ब्रिगेड के लेफ्टिनेंट कर्नल कुलदीप सिंह ने स्मृतिचिन्ह भेंटकर मोहित बिष्ट को सम्मानित किया।
इस समारोह में देहरादून के मेयर, उत्तराखंड के अनेक राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ समाजसेवियों तथा उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिष्ठित फाउंडेशनों, बड़ी कंपनियों और आईटी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भारी संख्या में सहभागिता की। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
मूलरूप हित से पिथौरागढ निवासी मोहित सिंह बिष्ट लंबे समय से युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सक्रिय रहकर सामाजिक बदलाव की दिशा में कार्य कर रहे हैं। उनका मुख्य उद्देश्य युवाओं को सही मार्गदर्शन देना, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करना और उन्हें समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के लिए जागरूक करना है।
नशामुक्ति और युवा सशक्तिकरण के लिए विशेष पहल
मोहित बिष्ट युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने तथा उन्हें शिक्षा, खेल, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उनका मानना है कि युवा शक्ति को सही दिशा और अवसर मिलें तो वह समाज में व्यापक बदलाव ला सकती है।
स्वच्छता, जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक जागरूकता में योगदान
उनके द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान (Cleaning Drives), जरूरतमंदों की सहायता के लिए Helping Hands पहल, मोटिवेशनल कार्यक्रम, युवा मार्गदर्शन और सामाजिक जागरूकता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाई जा रही है। वे समाज के लोगों को सामूहिक जिम्मेदारी और सामाजिक सहभागिता के लिए भी प्रेरित करते हैं।
सीमांत क्षेत्रों के युवाओं को आगे बढ़ाने का संकल्प
मोहित सिंह बिष्ट का सामाजिक जुड़ाव उत्तराखंड के सीमांत एवं दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक भी रहा है। विशेष रूप से पिथौरागढ़ के सीमांत क्षेत्रों में युवाओं को खेल, सामाजिक गतिविधियों और नशामुक्ति के संदेश से जोड़ने के प्रयास उनके कार्यों का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनका मानना है कि पहाड़ के युवाओं में अपार प्रतिभा है और उन्हें उचित मंच, अवसर तथा मार्गदर्शन मिलना चाहिए।
सम्मान प्राप्त करने पर मोहित सिंह बिष्ट ने आयोजकों, उपस्थित अतिथियों, सहयोगियों और अपने सामाजिक अभियानों में साथ देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज और युवाओं के प्रति उनकी जिम्मेदारी को और अधिक मजबूती से निभाने की प्रेरणा है।
उन्होंने आगे कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि उत्तराखंड के अधिक से अधिक युवाओं को नशे से दूर रखकर शिक्षा, खेल, रोजगार, नेतृत्व और सामाजिक सेवा से जोड़ा जाए, ताकि युवा अपनी प्रतिभा के माध्यम से अपने प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।
मोहित सिंह बिष्ट को मिला यह सम्मान उनके सामाजिक प्रयासों को मिली एक महत्वपूर्ण पहचान है। उनका संदेश है कि युवा केवल अपने भविष्य के लिए नहीं, बल्कि एक बेहतर समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए भी आगे आएं।














