डोईवाला, ( प्रियांशु सक्सेना)। डोईवाला तहसील क्षेत्र के भानियावाला स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके पर ओवररेटिंग का खेल लगातार जारी है। हैरानी की बात यह है कि कई शिकायतों और सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर मामला दर्ज होने के बावजूद जिम्मेदार विभाग अब तक कोई ठोस कार्रवाई करता नजर नहीं आ रहा है। इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
लगातार शिकायतों और आरोपों के बावजूद स्थिति में कोई सुधार न होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। जानकारी के अनुसार, भानियावाला तिराहे के समीप स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर लंबे समय से निर्धारित मूल्य (एमआरपी) से अधिक राशि वसूली जा रही है। बताया जा रहा है कि प्रत्येक बोतल पर 10 से 30 रुपये तक अतिरिक्त वसूले जा रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर कई उपभोक्ताओं ने बताया कि ओवररेटिंग की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों और सीएम हेल्पलाइन पर की जा चुकी है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति होती दिखाई दे रही है। ग्राहकों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
लोगों का कहना है कि एमआरपी से अधिक वसूली का विरोध करते हैं या कारण पूछते हैं, तो दुकान पर मौजूद कर्मचारी अभद्र व्यवहार करते है तथा शराब देने से भी इनकार कर दिया जाता है। ग्राहकों का कहना है कि यदि शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है तो इससे प्रशासन की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न लगना स्वाभाविक है।
लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि आखिर बार-बार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी मौन क्यों हैं। एमआरपी से अधिक मूल्य वसूलना नियमों का उल्लंघन माना जाता है। उनका कहना है कि कार्रवाई के अभाव में शराब दुकान संचालकों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं और उन्हें विभागीय अधिकारियों अथवा प्रशासनिक कार्रवाई का कोई भय दिखाई नहीं देता।
लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार विभागों की निष्क्रियता ने ऐसे तत्वों को खुली छूट देने का काम किया है। ऐसे में अब सभी की निगाहें प्रशासन और आबकारी विभाग पर टिकी हैं कि वे इस मामले में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करते हैं या फिर शिकायतों का सिलसिला इसी तरह चलता रहेगा। इस संबंध में आबकारी अधिकारी, ऋषिकेश का पक्ष जानने हेतु दूरभाष पर संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
________________________________________________________
*ठेके के आसपास खुलेआम परोसी जा रही शराब…*
भानियावाला स्थित शराब के ठेके के आसपास संचालित ढाबों, खाद्य सामग्री की दुकानों में खुलेआम शराब सेवन कराए जाने के आरोप सामने आ रहे हैं। बताया गया कि इन दुकानों के पास शराब परोसने अथवा परिसर में शराब सेवन की अनुमति संबंधी कोई वैध लाइसेंस नहीं है। इसके बावजूद ग्राहकों को बैठाकर शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। लोगों का दावा है कि ठेके के आसपास 8 से 10 दुकानें इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त हैं।











