डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण रविवार को डोईवाला विधानसभा के बूथ संख्या-108, जौलीग्रांट के कोठारी मोहल्ला स्थित वार्ड संख्या-7 में सभासद एवं शक्ति केंद्र संयोजक राजेश भट्ट के निवास पर किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्रधानमंत्री के विचारों को सुना। भाजपा ऋषिकेश मंडल प्रभारी सम्पूर्ण सिंह रावत ने कहा कि ‘मन की बात’ देश के करोड़ों नागरिकों को एक साझा भाव से जोड़ने वाला मंच बन चुका है।
इसके माध्यम से समाज के अनसुने नायकों, नवाचारों, सेवा कार्यों और जनभागीदारी की प्रेरक कहानियां देशभर तक पहुंचती हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह संवाद प्रत्येक नागरिक में ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को सशक्त करता है तथा समाज के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रेरित करता है। साथ ही विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी पर भी विशेष बल दिया गया।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण, वोकल फॉर लोकल, महिला सशक्तिकरण, युवा शक्ति और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर प्रधानमंत्री के विचार देशवासियों के लिए मार्गदर्शक हैं। ‘मन की बात’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसहभागिता के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का सशक्त अभियान है।
सभासद राजेश भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री का प्रत्येक संदेश समाज में सकारात्मक परिवर्तन की प्रेरणा देता है। भाजपा कार्यकर्ता सेवा, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ प्रधानमंत्री के संदेशों को प्रत्येक घर तक पहुंचाने का कार्य निरंतर करते रहेंगे।
इस मौके पर बूथ अध्यक्ष गजमोहन कपरुवाण, भोलानाथ, अमरेश भट्ट, शिवम भट्ट, त्रिवेणी रावत, महावीर पुंडीर आदि उपस्थित रहे।











