डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 20 अंतर्गत नया गांव में स्थानीय लोगों ने श्रमदान कर व्यापक स्वच्छता एवं झाड़ी कटान अभियान चलाया। इस दौरान क्षेत्रवासियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई तथा भविष्य में भी ऐसे जनहित कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
बताया गया कि अभियान का उद्देश्य क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाना था। इस दौरान सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की कटाई कर मार्गों को साफ किया गया तथा आसपास फैली गंदगी हटाकर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया। अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं और क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया।
पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष प्रकाश कोठारी ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर वार्ड का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनसहभागिता से ही संभव है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा समय-समय पर ऐसे जनहित अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि वार्ड के प्रत्येक क्षेत्र में इसी प्रकार स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान निरंतर चलाए जाएंगे। इस अवसर पर रोहित, आयुष, महेंद्र, सुरेश, कुशल, शानू, सिद्धार्थ, सूर्यांश आदि उपस्थित रहे।











