बदरीनाथ /ज्योतिर्मठ।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/ बदरीनाथ धाम प्रभारी अधिकारी गिरीश चौहान तथा मंदिर अधिकारी राजेन्द्र चौहान लगभग तीन दशकों से अधिक के गौरवपूर्ण सेवाकाल के उपरांत आज मंगलवार को अधिवर्षता आयु पूर्ण होने पर सेवानिवृत्त हो गए।
इस अवसर पर बदरीनाथ धाम स्थित बीकेटीसी कार्यालय सभागार में आयोजित समारोह में बदरीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी,बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ सहित बीकेटीसी सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों की उपस्थिति में समिति की ओर से दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के सम्मान में भव्य विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें उन्हें भावभीनी विदाई दी गयी।
समारोह में बीकेटीसी उपाध्यक्ष श्री सती, मुख्य कार्याधिकारी श्री रांगड़, सदस्य धीरज पंचभैया मोनू, डा. विनीत पोस्ती के अलावा अधिशासी अभियंता विपिन तिवारी द्वारा दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों का पुष्पमालाओं से भव्य स्वागत किया गया तथा उन्हें शॉल ओढ़ाकर, अभिनंदन पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
अधिकारियों के सेवानिवृत्ति के अवसर पर बीकेटीसी पूर्व उपाध्यक्ष किशोर पंवार तथा सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिजन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मंदिर समिति की ओर से सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिवारजनों को भी सम्मानित किया। समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों के लंबे, समर्पित एवं अनुकरणीय सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके योगदान को स्मरण किया।
अपने शुभकामना संदेश में श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने सेवानिवृत्त हुए अधिकारियों के स्वस्थ, सुखद जीवन एवं मंगल की कामना की तथा शुभकामनाएं दीं।
समारोह में उपस्थित बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने सेवानिवृत्त अधिकारियों का सम्मान किया तथा दीर्घ सेवाकाल को मंदिर समिति के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारियों का अनुभव और उनकी कार्यशैली प्रेरणास्रोत रहेगी।
इस अवसर पर बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने दोनों अधिकारियों को सम्मानित करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ मंदिर समिति की सेवा की है। उन्होंने सेवानिवृत्त अधिकारियों के स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।
विदाई समारोह के समापन अवसर पर सेवानिवृत्त अधिकारियों ने भावुक होकर सभी का आभार जताया।
मीडिया प्रभारी डॉ हरीश गौड़ के अनुसार विदाई सम्मान समारोह में पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल, वेदपाठी वाणी विलास डिमरी, नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी,निजी सचिव प्रमोद नौटियाल, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी युद्धबीर पुष्पवान, प्रशासनिक अधिकारी विवेक थपलियाल,जेई गिरीश रावत,लेखाकार भूपेंद्र रावत, सहायक प्रोटोकॉल अधिकारी संदीप कपरुवाण, जगमोहन बर्त्वाल, संतोष तिवारी, अतुल डिमरी, संदेश मेहता, प्रबंधक अजय सती, वैभव उनियाल अजीत भंडारी,योगंबर नेगी, राहुल नेगी, विकास सनवाल,अमित पंवार,हरेंद्र कोठारी, हरीश जोशी, राहुल मैखुरी,हरीश बिष्ट सहित मंदिर समिति के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी, तीर्थ पुरोहित तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
समारोह के उपरांत पारंपरिक ढोल-दमाऊं एवं बैंड-बाजों के साथ दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों को श्री बदरीनाथ धाम से उनके गृह नगर ज्योर्तिमठ के लिए सम्मानपूर्वक विदा किया गया। ज्योर्तिमठ पहुंचने पर भी स्थानीय लोगों एवं शुभचिंतकों सहित बीकेटीसी कर्मचारी संघ अध्यक्ष बिजेंद्र बिष्ट ने उनका गर्मजोशी से स्वागत कर उनके सम्मान में श्री नृसिंह मंदिर कार्यालय परिसर में सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया।













