डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने डोईवाला नगर क्षेत्र के केशवपुरी वार्ड में निर्माणाधीन पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि शहरी विकास मंत्री रहते हुए प्रेमचंद अग्रवाल ने लगभग 97 लाख 36 हजार रुपये की लागत से इस पार्क के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की थी। वर्तमान में पार्क का निर्माण कार्य प्रगति पर है। निर्माण पूर्ण होने के बाद यह पार्क क्षेत्रवासियों को हरित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ बच्चों एवं बुजुर्गों के लिए सुविधाजनक एवं मनोरंजन का बेहतर स्थल सिद्ध होगा। ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास हेतु आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण उनकी प्राथमिकता रही है तथा भविष्य में भी जनहित से जुड़े विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तडियाल, नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, एसडीएम अपर्णा ढोंडियाल, अधिशासी अभियंता एमएल शाह, मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, सभासद अमित कुमार, चमन पोखरियाल, कनिष्ठ अभियंता अखिलेश कुमार आदि उपस्थित रहे।












