डोईवाला (प्रियांशु सक्सेना)। डोईवाला डिग्री कॉलेज में बृहस्पतिवार को नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशे के खिलाफ संकल्प लेने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डीपी भट्ट ने कहा कि विकसित युवा, विकसित भारत का सपना तभी साकार हो सकता है, जब छात्र-छात्राएं नशे से दूर रहें। उन्होंने सभी से स्वयं नशामुक्त रहने और समाज में फैल रही इस कुरीति के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. एसके लाल ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को खोखला कर देता है। उन्होंने महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं से नशे से दूर रहने तथा अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने नशे से दूर रहने का संकल्प लेते हुए हस्ताक्षर पट्ट पर हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम में प्रो. संगीता बहुगुणा, प्रो. कंचन सिंह, प्रो. आरसी नेगी, प्रो. वंदना गौड़, डॉ. पूनम रावत, डॉ. सीताराम नैथानी, डॉ. गुलनाज फातिमा, प्रिंस, राज, किरण शाह आदि मौजूद रहे।











