डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शारदीय नवरात्र के अंतिम दिन सोमवार को श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर व्रतियों ने घरों में कन्या पूजन कर नौ दिवसीय व्रत का विधि-विधान के साथ समापन किया। डोईवाला नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से ही घरों में कन्या पूजन की तैयारियां शुरू हो गई थीं। श्रद्धालुओं ने कन्याओं के पैर धोकर उन्हें तिलक लगाया और चुनरी ओढ़ाकर पूड़ी, हलवा, काले चने व अन्य पकवानों का भोग कराया। इसके बाद कन्याओं को फल और उपहार भेंट किए गए। कई श्रद्धालुओं ने नौ कन्याओं के साथ एक बालक का भी पूजन किया। नवरात्र के अंतिम दिन कन्या पूजन के लिए कन्याओं की तलाश में लोग सुबह से ही गली-मोहल्लों में घूमते नजर आए। घरों में कन्या पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने कन्याओं के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और परिवार की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की। सुबह से दोपहर तक कन्या पूजन का सिलसिला चलता रहा।














