डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। ईद-उल-फितर का त्योहार डोईवाला और आसपास के क्षेत्रों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। नमाज के बाद नमाजियों ने विश्व, देश व प्रदेश में अमन-चैन और शांति बनाए रखने के लिए दुआ मांगी। इसके बाद लोगों ने उत्साह से एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी।
शनिवार को तेलीवाला, न्यामवाला, कुड़कावाला, भानियावाला, थानों और डोईवाला सहित विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोगों ने ईद की नमाज अदा की। नमाज के बाद घरों में शीर-खुरमा और विभिन्न प्रकार के मिष्ठान बांटे गए। बाजारों में भी दिनभर खासा उत्साह और चहल-पहल देखने को मिली। परिजन अपने बच्चों को ईदगाह और मस्जिदों में नमाज के लिए साथ लेकर गए। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध लोगों मुस्लिम समाज के लोगों के घरों में पहुंचकर ईद की बधाई दी। सामाजिक कार्यकर्ता साकिर हुसैन ने कहा कि ईद का पर्व प्रेम, भाईचारे और मानवता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब विश्व के कई हिस्सों में संघर्ष और अशांति का माहौल है, ऐसे में ईद का संदेश और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। उन्होंने सभी से आपसी मतभेदों को भुलाकर शांति, सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देने की अपील की ताकि समाज और देश प्रगति के पथ पर अग्रसर हो सके। नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह, फुरकान अहमद कुरैशी, आरिफ अली, सभासद रियासत अली मोंटी, मोहम्मद अकरम, याकूब अली, जाहिद अंजुम, समीर खान, अमीश अली आदि ने मुबारकबाद दी।












