डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। उत्तराखंड क्रांति दल के जिला महामंत्री पवन बिजल्वाण के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डोईवाला उपजिलाधिकारी के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया। जिसमें उन्होंने बताया कि डोईवाला शुगर मिल के अधिशासी निदेशक का स्थानांतरण हुए एक पखवाड़ा बीत जाने के बावजूद अभी तक नई नियुक्ति नहीं हो सकी है। बता दे कि शासन स्तर पर पीसीएस अधिकारियों के स्थानांतरण के तहत 17 जनवरी को पौड़ी से पीसीएस अधिकारी नुपूर वर्मा का तबादला डोईवाला शुगर मिल किया गया था परंतु स्थानांतरण आदेश जारी होने के बावजूद अब तक उन्होंने मिल में ज्वाइनिंग नहीं की है। इस कारण निवर्तमान अधिशासी निदेशक डीपी सिंह के कंधों पर ही शुगर मिल के संचालन की जिम्मेदारी बनी हुई है। यूकेडी ने ज्ञापन के माध्यम से शीघ्र ही नई अधिशासी निदेशक की नियुक्ति की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में केंद्र पाल सिंह तोपवाल, धर्मपाल सिंह राणा, मदन सिंह बिष्ट, प्रताप सिंह बिष्ट सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।












