डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। रेशम माजरी स्थित एमराल्ड वर्ल्ड स्कूल में शनिवार को प्रथम दीक्षांत समारोह बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके पश्चात फतेह सिंह ने आत्मीय स्वागत एवं परिचय प्रस्तुत किया, वहीं देवांश रौथान ने अपने स्नेहपूर्ण स्वागत भाषण से सभी का मन जीत लिया। समारोह में नन्हे-मुन्ने बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य, समूह गीत, अंग्रेजी एवं हिंदी कविता पाठ ने दर्शकों को भावुक और आनंदित कर दिया। विशेष रूप से कक्षा 1 एवं 3 के विद्यार्थियों का फन डांस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण वह रहा जब बच्चों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रधानाचार्या सोनिया गुलाटी ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों एवं भावी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं डायरेक्टर राजवीर सिंह ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में बच्चों के समग्र विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के महत्व पर बल दिया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को मोबाइल फोन से दूर रखने की अपील भी की। कार्यक्रम में एमडी प्रीतपाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर, पालिकाध्यक्ष नरेंद्र नेगी, प्रधान निशा देवी, मंगल सिंह, पूर्व प्रधान पुरुषोत्तम डोभाल, अंशिका डोभाल, चरणजीत सिंह, राजवीर खत्री, सभासद ईश्वर रौथान, बीडीसी प्रीतपाल सिंह, राजकुमार राज, विनोद पाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।












