डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा देहरादून एयरपोर्ट में 14 से 20 अप्रैल 2026 तक अग्निशमन सेवा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। यह सप्ताह प्रत्येक वर्ष 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक मनाया जाता है। 14 अप्रैल 1944 को हुए बॉम्बे डॉक विस्फोट में शहीद हुए अग्निशमन कर्मियों की स्मृति में इसे मनाया जाता है। इस सप्ताह का उद्देश्य अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को आग से बचाव के उपायों के बारे में शिक्षित करना है। शुक्रवार को एयरपोर्ट परिसर में अग्निशमन उपकरणों का प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अग्निशमन दल ने आधुनिक उपकरणों एवं तकनीकों का परिचय कराया और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। साथ ही, विभिन्न एयरलाइंस कर्मचारियों एवं हितधारकों को अग्नि सुरक्षा, प्राथमिक प्रतिक्रिया और बचाव उपायों की जानकारी भी दी गई। एयरपोर्ट निदेशक बीसी एच नेगी ने बताया कि सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अग्निशमन सेवा सप्ताह का आयोजन इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि सप्ताह के दौरान विभिन्न जागरूकता, प्रशिक्षण एवं सुरक्षा संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस अवसर पर संयुक्त महाप्रबंधक प्रचालन नितिन कादियान, प्रबंधक प्रचालन ऋषभ भारद्वाज, सहायक प्रबंधक अग्निशमन उर्बदत भट्ट, दिलीप, अमित मीणा, सुनील सोलंकी आदि उपस्थित रहे।












