डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर के प्रसिद्ध आभूषण विक्रेता राकेश गुप्ता के परिवार द्वारा देहरादून रोड स्थित अग्रवाल धर्मशाला में भव्य एवं दिव्य राम कथा का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को कलश यात्रा के साथ कथा का शुभारंभ किया गया। बताया गया कि 11 फरवरी तक प्रतिदिन दोपहर दो से शाम 5 बजे तक कथा आयोजित की जाएगी। कथा के शुभारंभ अवसर पर एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जो अग्रवाल धर्मशाला से प्रारंभ होकर ऋषिकेश रोड होते हुए गोवर्धन मंदिर तक पहुंची। नगर भ्रमण के पश्चात कलश यात्रा पुनः अग्रवाल धर्मशाला में संपन्न हुई। कथा व्यास हिमालय पुत्री साध्वी लक्ष्मी दीदी ने कहा कि प्रत्येक मनुष्य को जीवन में एक बार राम कथा अवश्य सुननी चाहिए। राम कथा श्रवण से जीवन का उद्धार होता है और व्यक्ति को सदमार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। इस अवसर पर राकेश गुप्ता, नीरज सिंघल, ईश्वर चंद्र अग्रवाल, प्रवीण सैनी, विनय जिंदल, इंद्रजीत साहनी, गोपीचंद मित्तल, अनीता गुप्ता, श्रुति गुप्ता, दिव्या गुप्ता, बाला गोयल, चंद्रकला ध्यानी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।












