डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शुगर मिल ने पेराई सत्र 2025–26 के अंतर्गत किसानों को गन्ना मूल्य भुगतान की आठवीं किश्त जारी कर दी है। बृहस्पतिवार को मिल प्रबंधन ने 08 से 17 जनवरी 2026 तक मिल में आपूर्ति किए गए गन्ने के भुगतान के लिए कुल 07.13 करोड़ रूपये विभिन्न गन्ना समितियों को जारी किए। जिसमें सहकारी गन्ना विकास समिति, डोईवाला को 3.54 करोड़ रुपये, देहरादून समिति को 2.55 करोड़, ज्वालापुर समिति को 46.72 लाख, रुड़की समिति को 38.82 लाख, दि पाँवटा वैली शुगर केन ग्रोवर्स सहकारी समिति, पाँवटा को 8.29 लाख, दि शाकुम्बरी शुगर केन ग्रोवर्स सहकारी समिति, पाँवटा को 1.65 लाख तथा लक्सर समिति को 8.03 लाख रुपये की धनराशि जारी की है। इस भुगतान से हजारों किसान लाभान्वित होंगे। अधिशासी निदेशक दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि पेराई सत्र 2025–26 प्रारंभ होने के बाद अब तक मिल स्तर से कुल 4401.45 लाख रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान जारी किया जा चुका है। इसमें सहकारी गन्ना विकास समिति, डोईवाला को 20.05 करोड़ रुपये, देहरादून समिति को 12.58 करोड़, ज्वालापुर समिति को 4.41 करोड़, रुड़की समिति को 5.32 करोड़, दि पाँवटा वैली शुगर केन ग्रोवर्स सहकारी समिति, पाँवटा को 78.33 लाख रुपये, दि शाकुम्बरी शुगर केन ग्रोवर्स सहकारी समिति, पाँवटा को 20.63 लाख रुपये तथा लक्सर समिति को 66.68 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है।












