डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–26 के अंतर्गत नगर के सभी वार्डों में आईईसी (जन जागरूकता) गतिविधियों के प्रभावी संचालन के लिए एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड द्वारा वित्तपोषित प्रोजेक्ट सर्कुलर भारत के तहत प्रारंभ किया गया। बृहस्पतिवार को नगर पालिका डोईवाला के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों ने भाग लिया। कार्यक्रम में स्वच्छता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा प्रतिभागियों के सवालों के उत्तर भी दिए गए।
मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने बताया कि प्लान फाउंडेशन के सहयोग से इस अभियान की शुरुआत की गई है। इसके तहत स्वच्छता वाहिनी घर-घर जाकर लोगों को कूड़े के पृथक्करण के बारे में जागरूक करेगी। महिलाओं को सूखा, गीला, सैनिटरी एवं घरेलू हानिकारक कचरे (हाउसहोल्ड हैज़र्डस वेस्ट) को अलग-अलग रखने की जानकारी दी जाएगी, ताकि कूड़ा वाहन में सही श्रेणी के अनुसार निस्तारण संभव हो सके।अभियान के अंतर्गत प्रत्येक घर की रसोई तक पहुंच बनाई जाएगी। रसोई के फ्रिज पर एक मैग्नेटिक कार्ड चस्पा किया जाएगा, जिसमें कूड़े को अलग-अलग रखने के स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए होंगे। नगर पालिका का मानना है कि अधिकांश घरेलू कचरा रसोई से निकलता है, इसलिए वहीं से स्वच्छता की आदत विकसित करना आवश्यक है। नई आशा स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष आशा सेमवाल एवं कुबेर एसएचजी की अध्यक्ष पूनम तोमर ने कहा कि नगर पालिका का यह अभियान न केवल स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारी को मजबूती देगा, बल्कि शहर में स्वच्छता के प्रति स्थायी व्यवहार परिवर्तन की दिशा में भी एक सकारात्मक पहल साबित होगा। प्लान फाउंडेशन के प्रतिनिधि वैभव पटेल ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत शहर के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। सिंगल-यूज़ प्लास्टिक से निर्मित बेंच नगर के विभिन्न स्थानों पर स्थापित की जाएंगी तथा दीवारों पर जागरूकता संदेशों के चित्रांकन किए जाएंगे। कचरे से निर्मित आकर्षक कलाकृतियां भी शहर के प्रमुख स्थलों पर लगाई जाएंगी, जिससे यह संदेश दिया जा सके कि उचित पृथक्करण के बाद कचरा भी एक उपयोगी संसाधन बन सकता है। इसके अलावा पर्यावरण मित्रों को स्वच्छता उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे तथा कार्यशाला के माध्यम से उन्हें आवश्यक जानकारी भी प्रदान की गई। नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए घर-घर अभियान चलाया जाएगा। हमारा लक्ष्य है कि नगर पालिका डोईवाला को स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट स्थान दिलाया जाए। ‘स्वच्छ डोईवाला, सुंदर डोईवाला’ के संकल्प के साथ हम आगे बढ़ रहे हैं और सभी नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हैं। इस दौरान रीता नेगी, ऊषा भट्ट, माया अधिकारी, कोमल देवी, सीमा राणा, निर्मला नेगी, अनीता अग्रवाल, आरती राणा, लक्ष्मी राणा, रजनी मिश्रा, संजय भंडारी, अमित कुमार, अजय चौहान, कविता सेमवाल, शोभा जुगलान, दीपा, फरीदा, नीरज, सरोज आदि मौजूद रहे।












