डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। फर्जी जाति प्रमाण पत्र के आधार पर शिक्षा विभाग में नौकरी करने के मामले में उप शिक्षा अधिकारी, डोईवाला की ओर से कोतवाली डोईवाला में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुंठी ने बताया कि उप शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा), डोईवाला द्वारा दिए गए शिकायती पत्र के आधार पर राजकीय प्राथमिक विद्यालय जौलीग्रांट प्रथम में कार्यरत सहायक अध्यापिका सीमा देवी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बताया गया कि सहायक अध्यापिका की नियुक्ति वर्ष 2013 में उप शिक्षा अधिकारी, विकासखंड प्रतापनगर टिहरी गढ़वाल में कर दी गई थी। विभागीय जांच में उनका जाति प्रमाण पत्र फर्जी पाया गया। इसके बाद विभाग द्वारा उनकी नियुक्ति निरस्त करने के आदेश जारी कर दिए गए। फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर नौकरी करने के मामले में विभागीय कार्रवाई करते हुए शिक्षिका के खिलाफ कोतवाली डोईवाला में प्राथमिकी दर्ज की गई है।











