डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। परवादून बार एसोसिएशन डोईवाला के वार्षिक चुनाव 2026–27 की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 20 मई को मतदान एवं मतगणना की तिथि निर्धारित की गई है। बुधवार से परवादून बार एसोसिएशन डोईवाला के चुनावी कार्यक्रम की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मतदाता सूची में 71 मतदाता दर्ज हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 13, 14 एवं 15 मई को दोपहर 01 बजे तक नामांकन पत्र प्राप्त करने एवं जमा करने की तिथि निर्धारित की गई है। इसके अलावा 15 मई को दोपहर दो बजे से शाम 05 बजे तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। 16 मई को नामांकन पत्रों पर आपत्ति एवं जांच की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वहीं, 20 मई को सुबह 09 बजे से दोपहर 01 बजे तक मतदान तथा दोपहर 02 बजे से मतगणना होगी। उप निर्वाचन अधिकारी मेहताब आलम एवं चुनाव अधिकारी सुमित थपलियाल ने बताया कि अध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष, सचिव, सह-सचिव, कोषाध्यक्ष, लेखापरीक्षक, पुस्तकालय अध्यक्ष (महिला आरक्षित), कार्यकारिणी सदस्य 5 प्लस, कार्यकारिणी सदस्य 5 प्लस (महिला आरक्षित), कार्यकारिणी सदस्य 3 प्लस एवं कार्यकारिणी सदस्य 3 प्लस (महिला आरक्षित) पदों पर चुनाव संपन्न होंगे।











