डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर की गलियों और मोहल्लों में लगे विद्युत पोलों पर फैला बिजली और विभिन्न फाइबर कंपनियों के केबलों का मकड़जाल बरसात के मौसम में लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बनता जा रहा है। बेतरतीब ढंग से लटके तारों के कारण दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है।
नगर के वार्ड संख्या 13 स्थित पीएनबी गली में भी ऐसी ही स्थिति बनी हुई है, जहां एक लोहे के विद्युत पोल पर बिजली और फाइबर के तारों का घना मकड़जाल फैला हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बिजली के खंभे पर लगे बॉक्स से पिछले कई दिनों से चिंगारियां उठ रही हैं। यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
वहीं, खंभे पर चिपके पोस्टरों और विज्ञापनों के कारण उसका पोल नंबर भी दिखाई नहीं देता है। स्थानीय निवासी संजय सक्सेना ने बताया कि आबादी के बीच इस प्रकार की स्थिति बेहद चिंताजनक है। बरसात के मौसम में लगातार स्पार्किंग होने से आग लगने या किसी अन्य अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि उक्त खंभे के पास से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है और आसपास छोटे बच्चे भी खेलते रहते हैं। ऐसे में यदि करंट फैल गया तो बड़ा हादसा हो सकता है। इसके अलावा बंदरों की आवाजाही के कारण भी कई बिजली के तार ढीले होकर लटक गए हैं।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में सीएम पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। स्थानीय निवासी अजय सक्सेना, जगदीश सिंह और अनिल चौहान आदि ने संबंधित विभाग से तत्काल स्पार्किंग की समस्या का समाधान कराने, तारों को व्यवस्थित करने तथा नियमित निरीक्षण की मांग की है।











