डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। रानीपोखरी में दो दिवसीय इंटर स्कूल बैडमिंटन प्रतियोगिता का शनिवार को शुभारंभ हो गया। देहरादून स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15 और अंडर-17 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका वर्ग के मुकाबले खेले जा रहे हैं। वक्ताओं ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संस्था के सचिव राजेश यादव ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 17 विद्यालयों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना और विद्यार्थियों में खेल भावना को बढ़ावा देना है।











