डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। डोईवाला रेलवे स्टेशन के निकट लच्छीवाला फ्लाईओवर के पास आरपीएफ का फर्जी सहायक सुरक्षा आयुक्त बनकर घूम रहे एक युवक को रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने पकड़ा है। आरोपी नीली बत्ती लगी कार में सवार था। कार में आरपीएफ का बैज लगा कैप भी रखा हुआ था। मामले में डोईवाला कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट देहरादून के निरीक्षक पंकज कुमार के अनुसार, पांच नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लच्छीवाला फ्लाईओवर के पास एक ट्रक और हाइड्रा चालक रेलवे का सामान लोड करने से मना कर रहे हैं। सूचना पर आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची तो वहां एक नीली बत्ती लगी कार खड़ी मिली। कार की आगे-पीछे की नंबर प्लेट के स्थान पर कागज पर नंबर लिखा हुआ था। कार के डैशबोर्ड पर आरपीएफ का बैज लगा कैप भी रखा था।
कार की पिछली सीट पर बैठे स्मित कुमार (29) निवासी शिवाला कला, बिजनौर (उत्तर प्रदेश) ने खुद को मुरादाबाद मंडल में तैनात आरपीएफ का सहायक सुरक्षा आयुक्त बताया। पूछताछ में उसके इस पद पर तैनात होने की पुष्टि नहीं हुई। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने आरपीएफ का फर्जी अधिकारी बनकर लोगों पर रौब दिखाने और फर्जीवाड़ा कर पैसे कमाने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि वह कर्ज में डूबा हुआ है और आरपीएफ की कैप उसने देहरादून बाजार से खरीदी थी। कार किराये पर ली थी।
आरपीएफ टीम ने आरोपी और कार चालक अवधेश कुमार को वाहन सहित आवश्यक कार्रवाई के लिए कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाईं ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।














