कमल बिष्ट/उत्तराखंड समाचार।
कोटद्वार गढ़वाल।
राजकीय इंटर कॉलेज कण्वघाटी, पौड़ी गढ़वाल के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि विद्यालय के छात्र आदर्श गौर ने राष्ट्रीय छात्रवृत्ति परीक्षा 2025–26 में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया है।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), उत्तराखंड द्वारा आयोजित राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति योजना (NMMSS), डॉ० शिवानंद नौटियाल छात्रवृत्ति योजना एवं श्री देव सुमन छात्रवृत्ति योजना की परीक्षा का परिणाम 30 जनवरी 2026 को घोषित किया गया। यह परीक्षा 16 दिसंबर 2025 को राज्य के 95 विकासखंडों के 97 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी।
इस परीक्षा में राज्य भर से 18,224 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 16,957 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। निर्धारित 1623 सीटों के सापेक्ष 1616 विद्यार्थियों का चयन छात्रवृत्ति हेतु किया गया। राज्य स्तर पर घोषित परिणाम में आदर्श गौर, राजकीय इंटर कॉलेज कण्वघाटी, विकासखंड दुगड्डा (पौड़ी गढ़वाल) ने 73.88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान हासिल किया।
एससीईआरटी उत्तराखंड द्वारा चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9 से 12 तक छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इसके अंतर्गत NMMSS के तहत ₹12,000 प्रतिवर्ष, डॉ० शिवानंद नौटियाल छात्रवृत्ति के अंतर्गत ₹15,000 प्रतिवर्ष तथा श्री देव सुमन छात्रवृत्ति के अंतर्गत ₹10,000 प्रतिवर्ष की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं समस्त स्टाफ ने छात्र की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे विद्यालय एवं जनपद के लिए गौरव का क्षण बताया तथा छात्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।












