डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। डोईवाला शुगर कंपनी लि० में गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग के सचिव सुरेंद्र नारायण पांडेय की अध्यक्षता में डोईवाला और किच्छा चीनी मिल की निदेशक मंडल एवं समीक्षा बैठक हुई। बैठक में आगामी पेराई सत्र 2026-27 की तैयारियों, मशीनरी के रखरखाव और मिल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। सचिव सुरेंद्र नारायण पांडेय की ने अधिकारियों को पेराई सत्र शुरू होने से पहले मिल के रिपेयर एवं मेंटेनेंस कार्य समय से पूरा करने और सभी स्टेशनों का ट्रायल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों और जनहित को प्राथमिकता देते हुए धरातल पर कार्य करने को कहा। बैठक में डोईवाला चीनी मिल के अधिशासी निदेशक अजयवीर सिंह ने बताया कि मिल की मशीनरी काफी पुरानी हो चुकी है। कुछ स्टेशनों और मशीनों में बदलाव की जरूरत है। उन्होंने मिल की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए शासन से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। बैठक के बाद सचिव ने मिल परिसर का निरीक्षण कर मरम्मत और रखरखाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर करने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रबंध निदेशक प्रकाश चंद दुमका, गन्ना आयुक्त त्रिलोक सिंह मार्तोलिया, संयुक्त आयुक्त हिमानी पाठक, विजय पांडेय, डीपी शर्मा, सुनील चंद्र बिष्ट, आशुतोष अग्निहोत्री, सर्वजीत सिंह, शिवानी वर्मा, सुषमा चौधरी, अरविंद शर्मा, नरेंद्र कुमार, दीपक विश्वकर्मा आदि थे।
_________________________________________________________
*वेतनमान बहाली की मांग उठी*
बैठक के दौरान मिल के श्रमिक प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों की पूर्व में की गई वेतन कटौती के स्थान पर पुनरीक्षित वेतनमान बहाल करने की मांग रखी। उन्होंने इस संबंध में सचिव को ज्ञापन भी सौंपा। सचिव ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को अभिलेखों का परीक्षण कर जल्द आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। श्रमिक प्रतिनिधियों ने इस संबंध में सचिव को ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान कमल बहादुर, दिनेश वर्मा, सतविंदर संधू आदि थे।











