
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। महान राष्ट्रवादी चिंतक, प्रखर शिक्षाविद एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर भाजपा जिला कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। मंगलवार को डोईवाला ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यमंत्री ज्योति प्रसाद गैरोला एवं जयपाल सिंह चौहान ने महापुरुषों के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। राज्यमंत्री ज्योति प्रसाद गैरोला ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता और अखंडता को समर्पित रहा। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रप्रेम, संगठन निष्ठा और त्याग की भावना को अपनाकर ही सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
मुख्य वक्ता जयपाल सिंह चौहान ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने संगठन निर्माण के माध्यम से राष्ट्रवाद की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए निरंतर कार्य करें।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। अखंड भारत का संकल्प, राष्ट्र के लिए बलिदान और सिद्धांतों पर अडिग रहना ही उनके जीवन का मूल संदेश है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके आदर्शों पर चलते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में दीवान सिंह रावत, प्रतीक कालिया, मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, सम्पूर्ण सिंह रावत, ऊषा कोठारी, निर्मला उनियाल, मनोज काम्बोज, ममता नयाल, आनंद कुमार, शिवम टुटेजा, चंद्रभान पाल, विक्रम सिंह नेगी, देवदत्त शर्मा, मनीष क्षेत्री, विनय कंडवाल, सौरभ नौडियाल, रश्मि देवी, वंदना स्वामी, मनोज पाल आदि मौजूद रहे।











