*अंबेडकर के आदर्शों से ही मजबूत होगा राष्ट्र: डॉ. भसीन*
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर के आदर्शों को अपनाकर ही राष्ट्र को सशक्त और समतामूलक बनाया जा सकता है। संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार दिए हैं और यही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। डॉ अंबेडकर के विचार आज भी सामाजिक न्याय और समानता की दिशा में मार्गदर्शन करते हैं। यह बात राज्यमंत्री डॉ देवेन्द्र भसीन ने एक संगोष्ठी में कही।
सोमवार को डोईवाला ब्लॉक सभागार में भारत रत्न से सम्मानित डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में अंबेडकर विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापुरुषों के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन कर हुआ।
मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि डॉ अंबेडकर का जीवन संघर्ष, शिक्षा और आत्मसम्मान की प्रेरणा है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे उनके विचारों को केवल पढ़ें नहीं, बल्कि उन्हें अपने जीवन में उतारें और समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने के लिए कार्य करें।
जिलाध्यक्ष राजेंद्र तडियाल ने कहा कि अंबेडकर विचार संगोष्ठियां समाज में सकारात्मक सोच विकसित करती हैं और संगठन को वैचारिक मजबूती प्रदान करती हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से सामाजिक समरसता और संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण के लिए निरंतर सक्रिय रहने का आग्रह किया।
इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा, जिला महामंत्री दीवान सिंह रावत, अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष आनंद कुमार, वंदना स्वामी, नगर मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, रश्मि देवी, सभासद अमित कुमार, संपूर्ण रावत, सौरव पाल, सर्वेश कुमार, ललित पंत, मनोज कांबोज, राममूर्ति देवी, आशीष बहुगुणा, राजेश मचल आदि थे।











