डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। अखिल भारतीय किसान सभा डोईवाला मंडल की बैठक बुधवार को डोईवाला गन्ना समिति किसान भवन में आयोजित की गई। बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया गया। किसानों ने जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। बैठक के बाद किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने डोईवाला शुगर मिल के अधिशासी निदेशक के माध्यम से प्रदेश के गन्ना मंत्री को ज्ञापन भेजा। किसानों ने पैराई सत्र 2026-27 शुरू होने से पहले गन्ने का मूल्य 700 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित करने की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष शिव प्रसाद देवली ने कहा कि बढ़ती महंगाई और सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण देश का किसान परेशान और निराश है। उन्होंने कहा कि चीनी के दामों में हाल में हुई बढ़ोतरी के साथ ही कृषि में इस्तेमाल होने वाले उर्वरक, कृषि यंत्र और कीटनाशक दवाओं की कीमतों में भी वृद्धि हुई है। इसके बावजूद किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। संयुक्त किसान मोर्चा के संयोजक ताजेंद्र सिंह ने कहा कि जंगली जानवर आए दिन किसानों की गन्ने समेत अन्य फसलों को रौंदकर नष्ट कर रहे हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। इस दौरान मंडल अध्यक्ष बलबीर सिंह, सचिव याकूब अली, मलकीत सिंह, उपाध्यक्ष जाहिद अंजुम, अनूप कुमार पाल, कोषाध्यक्ष जसवीर सिंह, सरजीत सिंह आदि मौजूद रहे।











